Lexus LM 350h Launch: लग्जरी कार कंपनी Lexus ने भारत में 2024 (LM 350h) लॉन्च कर दी है। इसकी शुरुआती कीमत 2.00 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) है। यह दरअसल Toyota Vellfire का रीबैज्ड वर्जन है, जिसमें सिर्फ मामूली बदलाव किए गए हैं। इसके दो वेरिएंट हैं- सात सीटर और चार सीटर। चार सीटर वेरिएंट की कीमत 2.50 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) है। आपको बता दें कि Lexus, Toyota की लग्जरी कार बनाने वाली कंपनी है। इसने सबसे पहले 2020 में LM 350h को भारत में लॉन्च किया था। इस साल 2024 में इस कार को नई स्टाइलिंग और फीचर्स दिए गए हैं।
डिजाइन

बाहर से सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट हिस्से में हुआ है। इसमें पहले के मुकाबले पतले LED हेडलैंप और उनके साथ बूमरैंग शेप वाली डेटाइम रनिंग लाइट्स (DRL) दी गई हैं। 3D डिजाइन वाली फॉक्स ग्रिल का इस्तेमाल किया गया है, जिससे कार और भी आकर्षक लगती है। साइड में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। साइड से देखने पर यह वेलफायर जैसी ही दिखती है।
फीचर्स

लेक्सस LM 350h में कई बेहतरीन फीचर्स हैं। कार में क्लाइमेट कंट्रोल के लिए इंफ्रारेड रे सेंसर का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही, इसमें मल्टी-पोजिशन टिप-अप सीट और लंबी स्लाइड रेल वाली पावर सीट्स हैं। लेक्सस ने आर्मरेस्ट और ओटोमन हीटर, आगे और पीछे के लिए अलग-अलग ऑडियो सिस्टम और एक रिमूवेबल रिमोट पैनल दिया है, जिसके जरिए पीछे बैठे लोग कार के कई फंक्शन को कंट्रोल कर सकते हैं।
सेफ्टी फीचर्स

लेक्सस ने इसमें कई एक्टिव सेफ्टी फीचर्स दिए हैं, जिसमें डायनेमिक रडार क्रूज कंट्रोल, लेन डिपार्चर अलर्ट (LDA) के साथ स्टीयरिंग असिस्ट, लेन ट्रेसिंग असिस्ट (LTA), ऑटोमैटिक हाई बीम (AHB), अडेप्टिव हाई बीम सिस्टम (AHS), ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटर (BSM), डिजिटल इनसाइड रियर व्यू मिरर (E-मिरर) और डोर ओपनिंग कंट्रोल (SEA) के साथ सेफ एग्जिट असिस्ट शामिल हैं।
पावरट्रेन

लेक्सस LM 350h में 2.5-लीटर इनलाइन 4-सिलेंडर इंजन के साथ हाइब्रिड पावरट्रेन मिलता है जो 246 bhp की पावर देता है। इसमें कम प्रतिरोध वाली निकेल-मेटल हाइड्राइड बैटरी है जो ICE इंजन से ऊर्जा लेती है और इसे ट्विन-इलेक्ट्रिक मोटर तक पहुंचाती है। इसमें आगे की तरफ 134kW की मोटर और पीछे की तरफ 40kW की यूनिट है।








