NYIFF 2025 में रासिका दुग्गल और गुलशन देवैया की फिल्म ‘Little Thomas’ को बेस्ट एक्टर, बेस्ट एक्ट्रेस और बेस्ट डायरेक्टर कैटेगरी में 3 बड़े नामांकन मिले।
NYIFF 2025: ‘Little Thomas’ को 3 नामांकन, रासिका दुग्गल और गुलशन देवैया की शानदार परफॉर्मेंस को सराहना
बॉलीवुड के बेहतरीन कलाकार रासिका दुग्गल और गुलशन देवैया की फिल्म ‘Little Thomas’ को 25वें न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल (NYIFF) 2025 में तीन बड़े नामांकन प्राप्त हुए हैं। इस फिल्म को बेस्ट एक्टर, बेस्ट एक्ट्रेस और बेस्ट डायरेक्टर की कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया है।
अनुराग कश्यप के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म का निर्देशन कौशल ओज़ा ने किया है। यह फिल्म गोवा के 90 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां एक 7 साल का लड़का, थॉमस, अपने माता-पिता को फिर से एकजुट करने और एक छोटे भाई की चाहत पूरी करने की कोशिश करता है।
रासिका दुग्गल और गुलशन देवैया की शानदार परफॉर्मेंस
फिल्म में रासिका दुग्गल ने जैसी मिरांडा का किरदार निभाया है। नामांकन के बारे में बात करते हुए रासिका ने कहा, “मैं इस नामांकन से बेहद खुश हूं। मुझे खुशी है कि हमारे काम को सराहा जा रहा है। मैं फिल्म फेस्टिवल में दर्शकों की प्रतिक्रिया का बेसब्री से इंतज़ार कर रही हूं। फिल्म फेस्टिवल के दर्शक हमेशा बहुत सजग होते हैं, और उनकी प्रतिक्रिया मिलना एक खास अनुभव होता है।”
गुलशन देवैया, जो फिल्म में मुख्य भूमिका में हैं, ने भी अपनी ख़ुशी जताई। उन्होंने कहा, “NYIFF की ज्यूरी द्वारा मुझे बेस्ट एक्टर कैटेगरी के लिए नामांकित करना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। मैं फेस्टिवल का इंतज़ार कर रहा हूं और हां, बेस्ट एक्टर का अवार्ड जीतने की भी उम्मीद है।”

कौशल ओज़ा की निर्देशन में पहली फीचर फिल्म
फिल्म ‘Little Thomas’ के निर्देशक कौशल ओज़ा इससे पहले अनुराग कश्यप के साथ ‘That Girl in Yellow Boots’ और ‘Shaitan‘ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। कौशल ने कहा, “इस बार NYIFF में लौटकर मुझे बेहद खुशी हो रही है। ‘लिटिल थॉमस’ को बेस्ट डेब्यू फिल्म के लिए नामांकन मिला है, जो मेरे लिए एक बड़ी उपलब्धि है। और हां, दोनों एक्टर्स का नामांकन होना इस उपलब्धि को और भी खास बनाता है।”
प्रोड्यूसर्स के लिए डबल सेलिब्रेशन

फिल्म को ल्यूमिनोसो पिक्चर्स, सिविक स्टूडियोज, फ्लिप फिल्म्स, और गुड बैड फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया गया है। इस फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर पिछले साल इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) में हुआ था, जिसके बाद इसे टोरंटो इंडियन फिल्म फेस्टिवल और चंडीगढ़ सिने-वेस्ट्योर में भी दिखाया गया।
NYIFF 2025 में अनुराग कश्यप की एक और फिल्म ‘केनेडी’ भी शामिल है, जिससे प्रोड्यूसर्स रंजन सिंह और अनुराग कश्यप के लिए यह साल दोहरी खुशियां लेकर आया है।
‘लिटिल थॉमस’ की दिलचस्प कहानी
फिल्म की कहानी 90 के दशक के गोवा पर आधारित है, जहां थॉमस नाम का एक 7 साल का बच्चा अपने माता-पिता के झगड़ों के बीच फंसा हुआ है। थॉमस को एक छोटे भाई की ख्वाहिश होती है। उसे बताया जाता है कि एक छोटे भाई को पाने के लिए उसके माता-पिता को किस करना होगा। लेकिन उसके माता-पिता आपसी मतभेद के चलते ऐसा करने से कतराते हैं। तब थॉमस इस “यक्की” काम को करवाने की जिम्मेदारी खुद उठाता है।
Visit Home Page https://yuvapress.com/








